कर्नाटक: बेकरी में घुसकर 7 लोगों ने धारदार हथियारों से किया शख्स का कत्ल,

CCTV में कैद हुई वारदात **कोप्पल (कर्नाटक):** कर्नाटक के कोप्पल जिले में संपत्ति विवाद को लेकर एक बेकरी के अंदर सात लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह घटना 31 मई को हुई और सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि पीड़ित **चेनप्पा नारिनल** खुद को बचाने के लिए चीखते हुए बेकरी में भाग रहा है, जबकि कुछ लोग उसे पीट रहे थे। कम से कम दो लोग उस पर धारदार हथियारों से हमला कर रहे थे, जबकि एक व्यक्ति ने पीड़ित के सिर पर लकड़ी के लट्ठे से वार किया। जैसे ही पीड़ित हमले से बचने की कोशिश कर रहा था, उसके नंगे शरीर पर कटने के निशान दिखाई दे रहे थे। पीड़ित बेकरी के अंदर पूरा चक्कर लगाता रहा और आरोपी उसके पीछे भागते हुए उसे धारदार हथियारों से काटने की कोशिश कर रहे थे। कुछ सेकंड बाद, नारिनल बेकरी से बाहर भागा जहां दो से तीन लोगों ने उसे कई बार चाकू मारा। आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए। हालांकि, कम से कम सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी पहचान **रवि, प्रदीप, दो मंजूनाथ, नागराज, गौतम और प्रमोद** के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पुरानी दुश्मनी और संपत्ति विवाद के कारण यह हत्या हुई है। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेने के लिए अपराध स्थल का दौरा किया और इस भयानक घटना में शामिल अन्य लोगों को गिरफ्तार करने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि वे आगे की जांच कर रहे हैं।

Leave a Comment